जौनपुर। नगर के परमानतपुर स्थित पूर्वांचल की आस्था का प्रमुख केंद्र मां शारदा शक्तिपीठ मैहर मंदिर नवरात्रि के पावन अवसर के लिए पूरी तरह तैयार हो चुका है। मंदिर परिसर में इन दिनों भक्ति और उल्लास का वातावरण दिखाई दे रहा है, जहां हर ओर श्रद्धा का रंग बिखरता नजर आ रहा है।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं, ताकि आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंदिर परिसर की विशेष सफाई के साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर सभी सीसीटीवी कैमरों को सुचारु रूप से व्यवस्थित कर दिया गया है, जिससे हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा सके।
मंदिर की भव्यता को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए रंग-बिरंगी विद्युत झालरों और आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से पूरे परिसर को सजाया गया है। इसके साथ ही पेयजल, स्वच्छता और रोशनी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई है, जिससे श्रद्धालु सहजता से दर्शन-पूजन कर सकें।
श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वाहन पार्किंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है। मंदिर तक पहुंचने के लिए ओलन्दगंज मोहल्ला तथा वाजिदपुर तिराहा (वाराणसी-प्रयागराज-लखनऊ हाईवे) मार्ग को प्रमुख रूप से विकसित किया गया है, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन के साथ मंदिर प्रबंधन भी पूरी तरह सतर्क है। गर्भगृह से लेकर पूरे मंदिर परिसर की गहन सफाई की गई है, साथ ही कूलर, पंखे और जनसेट जैसे सभी उपकरणों को दुरुस्त किया गया है। मंदिर ट्रस्ट की बैठक में प्रधान ट्रस्टी सत्यप्रकाश एडवोकेट, रविकांत जायसवाल, आशुतोष जायसवाल, सुशील जायसवाल तथा मंदिर प्रबधंन के रूप में रोहित जायसवाल सहित अन्य सदस्यों ने तैयारियों की समीक्षा कर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया।
मार्च 2026 में चैत्र नवरात्रि की शुरुआत 19 मार्च 2026 (गुरुवार) से मानी जा रही है।
कलश स्थापना (घट स्थापना) का शुभ मुहूर्त आमतौर पर प्रातःकाल में होता है। उस दिन का संभावित शुभ समय इस प्रकार रहेगा:
सुबह 06:52 बजे से 07:43 बजे तक (शुभ समय)
अभिजीत मुहूर्त (लगभग 12:05 से 12:50 बजे)
महत्वपूर्ण बात: कलश स्थापना हमेशा प्रातः काल में करना श्रेष्ठ माना जाता है।

