जौनपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर सामाजिक, धार्मिक, स्वास्थ्य व सांस्कृतिक संस्था अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की किन्नर समिति ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय पहल की। पूर्वांचल की प्रसिद्ध माँ शीतला धाम कार्य समिति के अध्यक्ष की अध्यक्षता में माँ शीतला पार्क में वृक्षारोपण किया गया।
इस कार्यक्रम का नेतृत्व पायल किन्नर ने किया, जिन्होंने पौधारोपण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में शीतला धाम के महंत विनय त्रिपाठी ने पर्यावरण संतुलन के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि वर्षा, गर्मी और सर्दी जैसे मौसम प्रकृति के संतुलन पर निर्भर करते हैं। अगर पर्यावरण असंतुलित होगा तो प्राकृतिक आपदाएं जैसे अकाल, भूकंप, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं बढ़ेंगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पेड़ प्रकृति का आधार हैं और इनके बिना पर्यावरण की रक्षा संभव नहीं है। हमारे पूर्वजों ने भी पेड़ों को विशेष महत्व दिया है।
पायल किन्नर ने कहा कि पेड़ों के बिना पृथ्वी पर जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। आज तेजी से हो रही पेड़ों की कटाई चिंता का विषय है। कोविड-19 के दौरान ऑक्सीजन की भारी कमी देखी गई, जिसे दोहराने से बचने के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि ऐसे पौधे लगाए जा रहे हैं जो वातावरण में अधिक मात्रा में ऑक्सीजन उत्पन्न करते हैं।
इस अवसर पर आदर्श त्रिपाठी, त्रिजोगी त्रिपाठी, राजू भगत, ट्रस्ट की किन्नर समिति की शालू किन्नर, किरण किन्नर सहित मंदिर प्रांगण के कई सदस्य उपस्थित रहे।

