गांव की सरकार बनाने के लिए सभी जिम्मेदार कमर कसकर तैयारी में जुट जाएं प्रत्येक बूथ पर पुख्ता तैयारी कर लीजिये : पुष्पराज सिंह
जौनपुर। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह सक्रिय हो चुकी है। जिले के सीहीपुर स्थित भाजपा कार्यालय पर शनिवार को एक अहम बैठक जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें चुनावी रणनीति पर गहन चर्चा की गई। बैठक की शुरुआत पार्टी के पुरोधा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पं. दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण व 'वंदे मातरम्' के सामूहिक गायन के साथ की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव अब निकट हैं, और भाजपा के पास जनता के बीच ले जाने के लिए विकास कार्यों की मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में केंद्र और प्रदेश सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास कार्य कराए हैं, जिनके आधार पर पार्टी फिर से जन समर्थन हासिल करेगी।
“हर बूथ, हर शक्ति केंद्र को बनाएं मजबूत”
उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ पर पुख्ता तैयारी सुनिश्चित की जाए। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया गया कि वे केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा, "भाजपा वादे नहीं करती, काम करती है। हमारे विकास कार्य ही हमारी पहचान हैं।"
मतदाता पुनरीक्षण पर जोर
पुष्पराज सिंह ने बताया कि चुनाव की तैयारियों के अंतर्गत मतदाता सूची पुनरीक्षण का कार्य सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। उन्होंने निर्देश दिया कि ऐसे सभी लोगों को वोटर बनाया जाए जो अब तक वंचित हैं। साथ ही कार्यकर्ताओं से जनसंपर्क और प्रवास कार्यक्रम के माध्यम से गांव-गांव में सक्रिय रहने को कहा।
समृद्ध ग्राम से सशक्त राष्ट्र
जिलाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा का मानना है कि समृद्ध ग्राम से ही समृद्ध राष्ट्र की परिकल्पना साकार होगी। ग्राम स्वावलंबन के माध्यम से ही आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। इसलिए पंचायत स्तर तक मजबूत सरकार बनाना आवश्यक है।
मिशन मोड में काम का आह्वान
पुष्पराज सिंह ने सभी पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि वे मिशन मोड में चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं। परिसीमन, मतदाता सूची संशोधन जैसे कार्यों पर नजर बनाए रखें और संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करें।
बैठक में प्रमुख नेता रहे मौजूद
बैठक का संचालन सुशील मिश्र ने किया। इस अवसर पर लोकसभा प्रत्याशी कृपाशंकर सिंह, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता, सुनील तिवारी, अमित श्रीवास्तव, जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह, संतोष मिश्र, त्रिस्तरीय चुनाव के संयोजक राकेश वर्मा, ब्लॉक प्रमुख अजय सिंह, सुनील यादव मम्मन, सतेंद्र सिंह फंटू, सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
