जौनपुर : जायसवाल समाज के कुलदेवता भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन का जन्म महोत्सव परंपरागत उल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नगर में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों समाजजन शामिल हुए। शोभायात्रा के पूर्व नगर के भंडारी रेलवे स्टेशन के पास स्थित राज कॉलेज मैदान में सभी स्वजातीय बंधु एकत्र हुए, जहां से यह भव्य यात्रा आरंभ हुई।
शोभायात्रा में दर्जनों हाथी, घोड़े, बग्घियां और विंटेज कारें विशेष आकर्षण का केंद्र बनीं। भगवान सहस्त्रबाहु अर्जुन की मनमोहक झांकी ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। महिलाओं, पुरुषों और बच्चों ने पारंपरिक परिधान और सिर पर पगड़ी धारण कर हाथों में झंडे लिए हुए नाचते-गाते हुए पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया। डीजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुनों पर वातावरण भक्तिमय बना रहा।
नगर में शोभायात्रा के स्वागत हेतु विभिन्न स्थानों पर आकर्षक तोरण द्वार सजाए गए। मार्ग में जगह-जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और जलपान व मिष्ठान की व्यवस्था की। शोभायात्रा में जनपद के साथ-साथ सिंगरामऊ, बदलापुर, मुंगराबादशाहपुर, मछलीशहर, रामपुर, केराकत, शाहगंज, मडियाहूं सहित आसपास के कस्बों से भी बड़ी संख्या में जायसवाल समाज के लोग शामिल हुए।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों—भंडारी, अहियापुर, सब्जी मंडी, कोतवाली, हरलालका रोड, चहारसू और ओलंदगंज से होती हुई जोगियापुर, शेषपुरा होते हुए मियांपुर स्थित मंगलम लॉन पहुंची, जहां यह एक विशाल सभा में परिवर्तित हो गई। यहां जनपद से आए प्रमुख कार्यकर्ताओं और आयोजकों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नगर पंचायत मछलीशहर के अध्यक्ष संजय जायसवाल, रामपुर के अध्यक्ष विनोद जायसवाल, शाहगंज नगर पालिका की पूर्व अध्यक्ष गीता जायसवाल, पूर्व चेयरमैन ओम प्रकाश जायसवाल, प्रेम नारायण जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष घनश्याम जायसवाल, बसपा नेता शीलचंद जायसवाल सहित विभिन्न नगरों और पंचायतों के प्रतिनिधि एवं समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
सभा का शुभारंभ जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश जायसवाल के स्वागत उद्बोधन से हुआ। इसके बाद राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष अटल जायसवाल, जायसवाल युवा मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजितेश जायसवाल, किशोर न्याय बोर्ड वाराणसी की सदस्य रीता जायसवाल, बीएचयू की प्रोफेसर मनीषा जायसवाल और अपर जिला जज वाराणसी अच्छे लाल जायसवाल ने समाज की एकता, शिक्षा और सामाजिक उत्थान पर विचार रखे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, शिक्षाविद् और महिलाएं उपस्थित रहीं। सभा का संचालन जिला महामंत्री सुरेंद्र जायसवाल ने किया, जबकि कार्यक्रम संयोजक आशुतोष जायसवाल ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित समाजबंधुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन में अनुशासन, सौहार्द और भक्ति का अद्भुत समन्वय देखने को मिला।
