जौनपुर। भारतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल, जौनपुर के तत्वावधान में कोतवाली चौराहे पर फूड लाइसेंस कैम्प एवं व्यापारी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने किया।
कैम्प के दौरान खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सहयोग से कुल 238 नये रजिस्ट्रेशन तथा 44 लाइसेंस नवीनीकरण के आवेदन प्राप्त हुए। कार्यक्रम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल रावत, अंजू यादव एवं अपराजिता तिवारी मौजूद रहीं।
नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कैम्प व्यापारियों के लिए अत्यंत उपयोगी हैं और इससे उन्हें लाइसेंस संबंधी प्रक्रियाओं में सुविधा मिलती है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने व्यापारियों को जागरूक करते हुए कहा कि खाद्य व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों के लिए लाइसेंस अनिवार्य है। साथ ही साफ-सफाई और गुणवत्ता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि रजिस्ट्रेशन सीमा बढ़ाकर 12 लाख से 1.5 करोड़ कर दी गई है, हालांकि संशोधित नियमों का नोटिफिकेशन अभी पोर्टल पर अपडेट नहीं हुआ है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष विवेक सिंह ने कहा कि व्यापार मंडल का उद्देश्य व्यापारी हितों की रक्षा करना है और भविष्य में भी इस तरह के आयोजन जारी रहेंगे। उन्होंने व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने और गुणवत्तापूर्ण सामग्री बेचने की अपील की।
कार्यक्रम में पदाधिकारियों ने व्यापारियों की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया तथा संगठन से जुड़ने का आह्वान किया। अंत में अतिथियों का सम्मान किया गया और आयोजकों ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में व्यापारी - विपिन अग्रवाल, सर्वेश जायसवाल, विमल सिंह, अरूण शुक्ला, उमेश जायसवाल, अनिल हरलालका, रूप नारायण माली, सुरेंद्र मौर्य भग्गू, प्रवीण शाह, संतोष साहू, निर्भय केडिया, अजय गुप्ता, अभीताश गुप्ता, महेश सेठ, मो. सिराज, प्रवीन शाह, महेश साहू, संजय जायसवाल, मुकेश साहू, रोहित गुप्ता, प्रिंस गुप्ता, रमन हरलालका, सन्तोष अग्रहरि, राकेश जायसवाल, गुलाब पतंग, शुभम कसौधन, अकाश साहू, शिवम जायसवाल, संतोष सेठ सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।
