मेडिकल कालेज जौनपुर द्वारा रसूलाबाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अगर आप अपने व्यवसाय, दुकान, शोरूम, संसथान इत्यादि के लिए शारदा प्रवाह न्यूज पोर्टल पर विज्ञापन देना चाहते हैं तो संम्पर्क करें - 9651636343, shardapravah@gmail.com, सविता ऑफसेट, रोडवेज तिराहा, जौनपुर शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार


जौनपुर । उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो0 (डॉ0) आर0बी0 कमल के दिशा निर्देश पर सामुदायिक चिकित्सा विभाग के विभागाध्यक्ष डा0 अनुज सिंह द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत रसूलाबाद पीएचसी पर जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सामुदायिक चिकित्सा विभाग के डा0 मुदित चैहान, डा0 अनिल कुमार, डा0 पूजा पाठक एवं डा0 नवीन सिंह एवं डा0 अथर अंसारी द्वारा गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा उपस्थित जनसमुदाय को स्तनपान के महत्व, सही तकनीक एवं इससे संबंधित आवश्यक स्वास्थ्य जानकारी प्रदान की गई।


चिकित्सकों ने बताया कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सर्वोत्तम, सुरक्षित एवं संपूर्ण आहार है। जन्म के एक घंटे के भीतर स्तनपान प्रारंभ करना तथा शिशु को जन्म से छह माह तक केवल मां का दूध पिलाना उसके समुचित शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। मां के दूध में शिशु की आवश्यकतानुसार पोषक तत्व उपलब्ध होने के साथ-साथ रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने वाले तत्व भी पाए जाते हैं, जिससे शिशु को विभिन्न संक्रमणों से सुरक्षा प्राप्त होती है।

चिकित्सकों ने बताया कि स्तनपान का लाभ केवल शिशु तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे मां के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव पड़ता है। गर्भावस्था एवं स्तनपान की अवधि में माताओं को संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, पर्याप्त विश्राम करने तथा आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि स्तनपान नवजात शिशु के स्वस्थ जीवन की मजबूत नींव है तथा स्वस्थ शिशु ही स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र के निर्माण का आधार है। स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों का दायित्व है कि वे समुदाय में स्तनपान के संबंध में वैज्ञानिक एवं प्रमाणिक जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा माताओं एवं परिवारों को स्तनपान के लिए प्रोत्साहित करें।

इस अवसर पर उपस्थित माताओं एवं जनसमुदाय ने चिकित्सकों द्वारा दी गई जानकारी को ध्यानपूर्वक सुना तथा स्तनपान को लेकर जागरूक एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य समुदाय स्तर पर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना तथा “प्रथम छह माह केवल स्तनपान” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

शारदा प्रवाह

शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार हिंदी मे.

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने