जौनपुर। श्री माँ शारदा शक्तिपीठ मैहर देवी मंदिर में दो दिवसीय 33वां भव्य श्रृंगार महोत्सव एवं भंडारे का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक सजावट और रंग-बिरंगी रोशनी से दुल्हन की तरह सजाया गया, जिससे पूरे वातावरण में भक्तिमय माहौल बना रहा।
महोत्सव के प्रथम दिवस अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। दूसरे दिन माता का दिव्य श्रृंगार एवं आरती संपन्न हुई। इस दौरान माँ को चप्पन भोग अर्पित किया गया तथा विभिन्न प्रकार की मालाओं और पुष्पों से भव्य श्रृंगार किया गया।
रामायण पाठ के समापन के बाद मंदिर ट्रस्ट के वरिष्ठ प्रधान ट्रस्टी सत्य प्रकाश गुप्ता (एडवोकेट, हाईकोर्ट मुंबई) ने पुजारियों के मंत्रोच्चार के बीच माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दीप प्रज्वलित किया और भजन संध्या का शुभारंभ किया। बनारस से आए अमलेश शुक्ला - आस्था शुक्ला कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत भक्तिमय गीतों पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए। साथ ही देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां भी प्रस्तुत की गईं।
महोत्सव के दौरान सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें माता के दर्शन के लिए लगी रहीं। भक्तों ने भजन संध्या का आनंद लिया और हजारों की संख्या में आयोजित भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया, जो देर रात तक चलता रहा।
इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के ट्रस्टी रविकांत जायसवाल, सुशील जायसवाल सहित ट्रस्ट परिवार के विजय जायसवाल, अजय जायसवाल, राजू जायसवाल, कवि जायसवाल, विनीत जायसवाल और रोहित जायसवाल उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बनारस के प्रमुख कलाकार अमीलेश शुक्ला एवं उनके साथियों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। अंत में मंदिर के प्रबंधक आशुतोष जायसवाल ने सभी भक्तों, कलाकारों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
शारदा प्रवाह न्यूज़ - जौनपुर, Jaunpur Hindi News
शारदा प्रवाह Jaunpur Hindi News
Maa Sharda Shaktipeeth


