जौनपुर। अंबेडकर जयंती के अवसर पर नेशनल मेडिकोज ऑर्गेनाइजेशन (NMO), सेवा भारती जौनपुर एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सेवा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “नर सेवा, नारायण सेवा” संकल्प के तहत जिले में वृहद स्तर पर निःशुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया गया। जिले के नगर एवं उपनगरों की 22 सेवा बस्तियों में एक साथ आयोजित इन शिविरों में कुल 4258 जरूरतमंद लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
इस अभियान के अंतर्गत जौनपुर नगर के जोगियापुर, मियापुर, पीली कोठी, हरदीपुर, ओलंदगंज, मतापुर, पचहटिया, चौकिया, वाजिदपुर दक्षिणी, नईगंज-मुरादगंज, कलीचाबाद, उमरपुर, ढालगर टोला, शिवापार, जमैथा सहित शाहगंज, खेतासराय, गौराबादशाहपुर, कचगांव, जफराबाद और केराकत क्षेत्रों में चिकित्सा शिविर लगाए गए। इन शिविरों में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा लोगों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इस अवसर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के सेवा प्रमुख युद्धवीर ने विभिन्न सेवा बस्तियों का भ्रमण करते हुए कहा कि वंचित वर्ग की सेवा ही समाज में मानवीय मूल्यों को स्थापित करती है। उन्होंने सभी से अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिला संघचालक डॉ. सुभाष ने कहा कि अंबेडकर जयंती के अवसर पर आयोजित यह स्वास्थ्य सेवा अभियान सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने वाला है और इससे हजारों लोगों को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
वृहद चिकित्सा शिविर के सफल संचालन में NMO के अध्यक्ष डॉ. संजय सिंह, उमानाथ मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों एवं सेवा भारती के कार्यकर्ताओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। सेवा भारती के जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, विभाग अध्यक्ष डॉ. तेज सिंह एवं जिला महामंत्री देवेश गुप्ता के नेतृत्व में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने सक्रिय भूमिका निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाया।

