अगर आप अपने व्यवसाय, दुकान, शोरूम, संसथान इत्यादि के लिए शारदा प्रवाह न्यूज पोर्टल पर विज्ञापन देना चाहते हैं तो संम्पर्क करें - 9651636343, shardapravah@gmail.com, सविता ऑफसेट, रोडवेज तिराहा, जौनपुर
जौनपुर। महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा एक माह की निःशुल्क ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। यह कार्यशाला जौनपुर शहर में टीडी कॉलेज दक्षिणी गेट के पास स्थित टिप-टॉप ब्यूटी पार्लर में आयोजित की जा रही है।
कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि महिला थानाध्यक्ष श्रीमती श्यामा तिवारी ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ट्रस्ट द्वारा नारी उत्थान और आत्मनिर्भरता के लिए किया जा रहा यह प्रयास बेहद सराहनीय है और इससे प्रशिक्षणार्थियों को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।
विशिष्ट अतिथि तेज डायग्नोस्टिक सेंटर की संचालिका श्रीमती बबीता सिंह ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण से महिलाएं स्वावलंबी बन सकेंगी और उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होगी। उन्होंने इसे महिलाओं को अपने पैरों पर खड़ा करने की एक मजबूत पहल बताया।
ट्रस्ट की सदस्य उर्वशी सिंह ने बताया कि संस्था द्वारा इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर पहले भी कई स्थानों पर आयोजित किए जा चुके हैं, और वर्तमान में खुज्जी चंदवक में भी एक कार्यशाला संचालित हो रही है। जौनपुर शहर में इस कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय महिलाओं और बच्चियों की मांग को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं और बच्चियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षिका सीमा गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान हर सप्ताह प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी, जिनमें बेहतर प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को समापन समारोह में सम्मानित किया जाएगा, जिससे उनके अंदर सीखने की प्रेरणा बनी रहे।
इस अवसर पर ट्रस्ट के सदस्य डॉ. पूनम सिंह, ज्ञान चंद गुप्ता, रजनी सोनी सहित प्रशिक्षक टीम के सदस्य आलिया, रीना, सुधा और रिशु उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महासचिव श्रीमती राधिका सिंह ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।
शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार