जौनपुर: विधानसभा चुनाव परिणामों पर भाजपा कार्यालय में जश्न, नेताओं ने इसे सुशासन की जीत बताया


जौनपुर। पश्चिम बंगाल, असम, तमिलनाडु, पांडुचेरी और केरल के विधानसभा चुनाव परिणामों को लेकर भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। भाजपा जिला कार्यालय पर जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।

खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने कहा कि इन चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि देश की जनता का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और विकासवादी राजनीति पर अटूट विश्वास है। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में ऐतिहासिक जीत और असम में लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी विकास की राजनीति की जीत है।

जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने इसे भारतीय लोकतंत्र का ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने हिंसा और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारते हुए ‘सोनार बांग्ला’ के संकल्प को चुना है। उन्होंने कहा कि दक्षिण भारत में भी भाजपा का जनाधार तेजी से बढ़ रहा है, जो आने वाले समय में पार्टी को और मजबूत बनाएगा।

जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने कहा कि यह जनादेश भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और खराब कानून व्यवस्था के खिलाफ जनता का स्पष्ट संदेश है। वहीं, संदीप तिवारी ने असम में मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार एनडीए सरकार बनने को ऐतिहासिक बताया।

जिला महामंत्री अजय सिंह ने कहा कि पांडुचेरी में एनडीए की बढ़त केंद्र और राज्य के बेहतर समन्वय का परिणाम है। वहीं जिला उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने कहा कि तमिलनाडु में भाजपा का बढ़ता वोट शेयर पार्टी के भविष्य के लिए सकारात्मक संकेत है।

भाजपा जिला मीडिया प्रभारी ने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मतदाताओं को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं की मेहनत और पार्टी की जनकल्याणकारी नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के संकल्प के साथ विकास की गति को और तेज करेगी।

इस अवसर पर परविंदर चौहान, नीरज मौर्य, अमित श्रीवास्तव, देवी प्रसाद सिंह, राजकेशर पाल, धर्मेंद्र मिश्र, राजेश गुप्ता, दीपक सिंह, घनश्याम यादव, मेराज हैदर, मनीष श्रीवास्तव, अनिल गुप्ता, पंकज श्रीवास्तव, विकास ओझा, श्रवण सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

शारदा प्रवाह

शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार हिंदी मे.

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने