जौनपुर। समाजसेवी संस्था मुरली फाउंडेशन, जौनपुर द्वारा सदस्य श्री नवीन मिश्र के निर्देशन में शकरमंडी स्थित तारा गर्ल्स कॉन्वेंट स्कूल में एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. शैली निगम ने की, जिसमें छात्राओं एवं महिला शिक्षिकाओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी वैक्सीन के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
डॉ. शैली निगम ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाली एक गंभीर एवं घातक बीमारी है, जिसका पता अक्सर देर से चलता है। इसका मुख्य कारण ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (HPV) है, जो सामान्य रूप से पाया जाता है, लेकिन विशेष परिस्थितियों में कैंसर का रूप ले सकता है। उन्होंने बताया कि विकसित देशों में इस बीमारी की रोकथाम के लिए वर्षों पहले टीकाकरण शुरू हो चुका है, जिससे वहां इसका प्रभाव काफी कम हो गया है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भारत में केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा यह टीका निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन कुछ भ्रांतियां, विशेषकर प्रजनन क्षमता पर प्रभाव को लेकर फैलाई जा रही गलत जानकारियां, इसके प्रसार में बाधा बन रही हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इन अफवाहों से दूर रहें और टीकाकरण अभियान का हिस्सा बनकर स्वयं एवं अन्य लोगों को सुरक्षित करें।
डॉ. निगम ने बताया कि यह टीका 9 से 15 वर्ष की बालिकाओं में सबसे अधिक प्रभावी होता है, जबकि 45 वर्ष तक की महिलाएं भी इसका लाभ ले सकती हैं।
संस्था अध्यक्ष अमित पांडेय ने जानकारी दी कि सदर अस्पताल के स्त्री रोग विभाग में 14 से 15 वर्ष की बालिकाओं को यह कैंसर रोधी टीका सरकार द्वारा निःशुल्क लगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुरली फाउंडेशन इच्छुक छात्राओं को हर संभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
संस्था के प्रबंधक श्री अनिल कुमार मौर्य ने विद्यालय की ओर से इस अभियान में पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम निदेशक श्री नवीन मिश्र ने छात्राओं को सहमति पत्र वितरित करते हुए कहा कि वे अपने अभिभावकों की अनुमति लेकर इस टीकाकरण अभियान में भाग लें और स्वयं को सुरक्षित रखें।
विद्यालय के संरक्षक श्री मोतीलाल मौर्य ने डॉ. शैली निगम को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। अंत में संस्था के सचिव अजय सिंह ने सभी शिक्षकों, विद्यालय प्रबंधन एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. बृजेश कन्नौजिया, श्री संजय जायसवाल एवं कंस्ट्रक्शन इंजीनियर श्री अब्दुल्ला सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
