जौनपुर। समाज सेवा, गौ सेवा एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए समर्पित संस्था मुरली फाउंडेशन, जौनपुर द्वारा सिकरारा ब्लॉक के फूलपुर ग्रामसभा में सेरिब्रल पाल्सी जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित एक मुस्लिम दिव्यांग बालिका को व्हीलचेयर प्रदान की गई। यह सेवा कार्य संस्था के सदस्य श्री के.के. मिश्र के निर्देशन एवं सदस्यों के सहयोग से संपन्न हुआ।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष श्री अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मुरली फाउंडेशन का उद्देश्य जरूरतमंद एवं असहाय लोगों तक सहायता पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि व्हीलचेयर मिलने से बालिका अब केवल एक कमरे तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि बाहर की दुनिया को देखने, समझने और समाज से जुड़ने का अवसर प्राप्त कर सकेगी।
दिव्यांग बालिका के माता-पिता से बातचीत के दौरान संस्था के सदस्य श्री नित्यानंद पांडेय ने जानकारी दी कि जागरूकता के अभाव में बालिका का आधार कार्ड एवं दिव्यांग प्रमाणपत्र नहीं बन पाया है, जिसके कारण वह सरकार द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ नहीं ले सकी है।
इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए संस्था सदस्य श्री के.के. मिश्र ने मौके पर उपस्थित ग्राम सहायक को आधार कार्ड एवं दिव्यांग प्रमाणपत्र बनवाने की प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने के लिए आवश्यक निर्देश दिए, ताकि बालिका को जल्द से जल्द सरकारी सुविधाओं एवं सहायता योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान भावुक हुए बालिका के माता-पिता को संस्था सदस्य श्री नवीन मिश्र ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी यदि किसी प्रकार की सहायता की आवश्यकता होगी तो मुरली फाउंडेशन यथासंभव सहयोग के लिए सदैव तत्पर रहेगा।
शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार
