एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग एवं एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस से बचाव के प्रति किया गया जागरूक
जौनपुर। विश्व एंटीमाइक्रोबियल जागरूकता सप्ताह (18 से 24 नवंबर, 2026) के अवसर पर उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर में 21 नवंबर 2026 को जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल के दिशा-निर्देशन में माइक्रोबायोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. दीपिका शॉ के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रधानाचार्य प्रो. (डॉ.) आर.बी. कमल ने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आमजन एवं स्वास्थ्यकर्मियों को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) के प्रति जागरूक करना तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश देना है।
उन्होंने बताया कि जब बैक्टीरिया, वायरस, फंगस एवं परजीवी जैसे सूक्ष्मजीवों में दवाओं के प्रति प्रतिरोधक क्षमता विकसित हो जाती है और दवाएं उन पर प्रभावी नहीं रह जातीं, तो इस स्थिति को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस कहा जाता है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं गलत इस्तेमाल इस समस्या को बढ़ावा देता है, जिससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो सकता है।
रोगाणुरोधी प्रतिरोध (AMR) क्यों है खतरनाक?
उन्होंने बताया कि AMR के कारण सामान्य संक्रमणों का इलाज मुश्किल हो जाता है, प्रभावी एंटीबायोटिक दवाओं के विकल्प सीमित हो जाते हैं तथा मरीजों को अस्पताल में अधिक समय तक भर्ती रहना पड़ सकता है। इससे उपचार का खर्च बढ़ने के साथ गंभीर संक्रमणों और मृत्यु का खतरा भी बढ़ जाता है।
बचाव के लिए अपनाएं ये सावधानियां
बिना डॉक्टर की सलाह के एंटीबायोटिक दवाओं का सेवन न करें।
चिकित्सक द्वारा निर्धारित खुराक एवं अवधि का पालन करें।
नियमित रूप से हाथ धोकर संक्रमण के प्रसार को रोकें।
समय पर टीकाकरण करवाएं।
संक्रमण की स्थिति में कल्चर एवं एंटीबायोटिक सेंसिटिविटी जांच को महत्व दें।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. (डॉ.) ए.ए. जाफरी ने कहा कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस आज पूरी दुनिया के सामने एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन चुका है। एंटीबायोटिक दवाओं का अनावश्यक एवं अनुचित उपयोग इसके प्रमुख कारणों में से एक है।
उन्होंने कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं का उपयोग केवल चिकित्सकीय आवश्यकता एवं निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार ही किया जाना चाहिए। सभी विभागाध्यक्षों एवं चिकित्सकों को अपने-अपने विभागों में एंटीबायोटिक के विवेकपूर्ण उपयोग, कल्चर एवं सेंसिटिविटी जांच तथा संक्रमण नियंत्रण पर विशेष ध्यान देना चाहिए।
उन्होंने आगे कहा कि एंटीबायोटिक दवाओं की प्रभावशीलता को भविष्य की पीढ़ियों के लिए भी बनाए रखना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। AMR की रोकथाम के लिए सभी चिकित्सा कर्मियों का सहयोग और सहभागिता आवश्यक है।
कार्यक्रम में डॉ. जितेन्द्र कुमार, डॉ. चन्द्रभान, डॉ. विनोद वर्मा, डॉ. हमजा अंसारी, डॉ. अनिल कुमार, डॉ. प्रियंका सिंह, डॉ. प्रतिभा सिंह, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. अन्नपूर्णा, डॉ. सौरभ, डॉ. जयेश सहित अन्य चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
