जौनपुर। सरकार द्वारा खाद्य लाइसेंस को आजीवन वैध करने की घोषणा के बाद व्यापारियों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इसी क्रम में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने गल्ला मंडी में व्यापारियों के बीच मिष्ठान वितरण कर सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष दिनेश टंडन ने कहा कि खाद्य लाइसेंस को आजीवन मान्यता देने का सरकार का निर्णय स्वागत योग्य है। इससे खाद्य व्यापार से जुड़े सभी व्यापारियों को बड़ी राहत मिलेगी और वे बिना किसी अनावश्यक परेशानी के अपना व्यापार सुचारू रूप से कर सकेंगे।
नगर अध्यक्ष राधेरमण जायसवाल ने कहा कि यह उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। सरकार द्वारा लिया गया यह निर्णय व्यापारियों के लिए राहत भरा कदम है, जिससे व्यापारिक गतिविधियों में सुगमता आएगी।
प्रदेश उपाध्यक्ष सोमेश्वर केसरवानी और प्रदेश मंत्री महेंद्र सोनकर ने बताया कि इस फैसले से छोटे-बड़े सभी व्यापारियों को बार-बार लाइसेंस नवीनीकरण की झंझट और अनावश्यक कागजी कार्यवाही से मुक्ति मिलेगी, जिससे समय और धन दोनों की बचत होगी।
कार्यक्रम के दौरान जिला महामंत्री रामकुमार साहू, नगर महामंत्री मुन्नालाल अग्रहरि, नगर कोषाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा, अनाज व्यापार मंडल के कोषाध्यक्ष सुनील जायसवाल, मीडिया प्रभारी यशवंत साहू, विजय अग्रहरी, चेतन टंडन, दिनेश अग्रहरि, मंगला साहू, विजय जायसवाल, संजय साहू, अरुण कपूर, मनोज साहू, गुलज़ारी लाल गुप्ता, दिलीप साहू सहित अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारी उपस्थित रहे।
