जौनपुर। आम आदमी पार्टी को शुक्रवार को बड़ा झटका लगा, जब पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से असंतुष्ट होकर उसकी कई वरिष्ठ महिला पदाधिकारियों ने भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली।
भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने आम आदमी पार्टी की जिला सचिव अनीता श्रीवास्तव, महिला जिला अध्यक्ष अनीता मिश्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष साधना त्रिपाठी तथा सदस्य प्रियंका दुबे को पार्टी का पटका एवं माला पहनाकर भाजपा की सदस्यता दिलाई।
भाजपा में शामिल होने के बाद सभी नेत्रियों ने कहा कि वे लंबे समय से आम आदमी पार्टी की नीतियों और कार्यशैली से असंतुष्ट थीं। उनका आरोप था कि पार्टी में कार्यकर्ताओं के सम्मान और जमीनी मुद्दों की उपेक्षा की जा रही थी। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास के लिए भारतीय जनता पार्टी की नीतियां अधिक प्रभावी हैं, जिससे प्रभावित होकर उन्होंने भाजपा में शामिल होने का निर्णय लिया।
भाजपा राष्ट्रवाद और अंत्योदय की विचारधारा वाली पार्टी : अजीत प्रजापति
नवनियुक्त सदस्यों का स्वागत करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी किसी व्यक्ति या परिवार विशेष की नहीं, बल्कि "राष्ट्र प्रथम" के सिद्धांत पर चलने वाला एक विशाल संगठन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास" के मंत्र के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक बिना किसी भेदभाव के पहुंच रहा है, जो भाजपा की अंत्योदय की भावना को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से मातृशक्ति के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रही है। विभिन्न दलों की महिला पदाधिकारियों का भाजपा से जुड़ना पार्टी की नीतियों और नेतृत्व के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई सदस्याओं के जुड़ने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी।
जिलाध्यक्ष ने सभी नवागंतुक सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

