जौनपुर, वाराणसी और आज़मगढ़ के 119 विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
जौनपुर। ज़ेब्रा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा भारतीय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त आईएएस नागेंद्र प्रसाद सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित चतुर्थ वनवासी मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा स्थानीय सी.एम.एम. इंग्लिश स्कूल, रशीदाबाद में सफलतापूर्वक संपन्न हुई।
वनवासी (मुसहर) समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए छात्रवृत्ति प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित इस परीक्षा में जौनपुर, वाराणसी एवं आज़मगढ़ जनपदों के हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट स्तर के 166 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जिनमें 119 विद्यार्थियों (63 छात्र एवं 56 छात्राएं) ने परीक्षा में भाग लिया।
परीक्षा का संचालन एवं मूल्यांकन कार्य मिशन बिरसा मुंडा सेवा समिति, आज़मगढ़ के कमलेश वनवासी, मुसाफिर वनवासी, नन्द कुमार वनवासी, जितेंद्र वनवासी, विजय प्रताप, दूधनाथ, सुशील, चन्दन कुमार, मीना वनवासी तथा मनीषा वनवासी ने निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराया।
ज़ेब्रा फाउंडेशन के अध्यक्ष संजय कुमार सेठ ने बताया कि तीनों जनपदों के चयनित 10-10 मेधावी विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान देने वाले आदिवासी वीरों के नाम पर छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम में मो. तौफीक, नीरज शाह, अमरनाथ सेठ, रवि विश्वकर्मा, तथागत सेठ एवं उत्कर्ष शाह सहित अन्य सहयोगियों का सराहनीय योगदान रहा।
