जौनपुर। सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा नगर के मंगलम लॉन में हरतालिका तीज उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। राजस्थानी परिधानों में सजी सखियों ने गीत, संगीत और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक हरतालिका तीज मनाई। इस अवसर पर विघ्नहर्ता भगवान गणेश, देवाधिदेव भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सुषमा पटेल, पूर्व विधायक मुंगराबादशाहपुर, नगर पालिका परिषद जौनपुर की अध्यक्ष मनोरमा मौर्य, संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता, रजनी सिंह, सदस्य स्थायी लोक अदालत जौनपुर एवं समस्त सखियों ने भगवान गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुषमा पटेल ने कहा कि आज की नारी अपने सामाजिक एवं सांस्कृतिक मूल्यों को संजोते हुए पूरे राष्ट्र को एक सूत्र में पिरोने की नैतिक जिम्मेदारी को सजगता से निभा रही है। उन्होंने सखी वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा नारी सशक्तिकरण, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सुषमा पटेल एवं विशिष्ट अतिथि मनोरमा मौर्य ने सिलाई प्रशिक्षण कार्यशाला की प्रशिक्षिका मोनिका गुप्ता सहित प्रशिक्षु महिलाओं एवं बच्चियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
हरतालिका तीज के पावन अवसर पर भगवान गणेश एवं देवाधिदेव भगवान शिव को समर्पित समूह एवं एकल नृत्य प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। शीला राय, तूलिका श्रीवास्तव, दीपा साहू, पिंकी जायसवाल, दिव्या साहू, अंजू जायसवाल, चेतना साहू, मीनू बरनवाल, संचिता बैंकर, रूपम शुक्ला, विभा साहू, उमा गुप्ता, मीना गुप्ता, संतोष गुप्ता एवं डॉ. रेनू मौर्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया।
इसके अलावा पहेली एवं प्रश्नोत्तरी कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कार्यक्रम को मनोरंजक बना दिया।
संस्थाध्यक्ष प्रीति गुप्ता ने वर्षभर पूर्ण मनोयोग से सखी वेलफेयर फाउंडेशन की गतिविधियों में सहभागिता करने वाली सभी सखियों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं उत्कृष्ट कार्य एवं सक्रिय सहभागिता के लिए सखी दिव्या साहू को ‘बेस्ट सखी अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन महासचिव अर्चना सिंह ने किया। कार्यकारी अध्यक्ष तूलिका श्रीवास्तव ने उपस्थित सभी अतिथियों एवं सखियों के प्रति अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सारिका सोनी, मनीषा सिंह, नीतू सिंह, स्वर्णिमा जायसवाल, सुजाता जायसवाल, आरती सिंह, सरिता निगम, शकुंतला मौर्य, शशि मिश्रा, रजनी साहू, शिप्रा द्विवेदी, साधना साहू, माधुरी गुप्ता, अंजू पाठक, डॉ. सरला त्रिपाठी, डॉ. अनीता त्रिपाठी, मिलन श्रीवास्तव, विमला श्रीवास्तव, माला वर्मा, स्वप्निल सिंह, उर्वशी सिंह, सुषमा श्रीवास्तव, अंजू सिंह, किरण सिंह, अंजू लता अग्रहरि, सोना बैंकर, रेनू बैंकर, मीना यादव, स्वप्निल श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।