जौनपुर। सामाजिक एवं रचनात्मक संस्था गीतांजलि जौनपुर का पारंपरिक रितु अभिनंदन एवं 31वां शपथ ग्रहण समारोह 3 अगस्त को मां दुर्गा विद्यालय, सिद्धिकपुर के भव्य सभागार में सम्पन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता संस्था अध्यक्ष डॉ. ब्रह्मेश शुक्ला ने की, जबकि मुख्य अतिथि लोक सेवा आयोग प्रयागराज के सदस्य प्रो. आर.एन. त्रिपाठी रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सूर्य प्रकाश सिंह मुन्ना (प्रबंधक, मां दुर्गा विद्यालय) एवं अजय सिंह (प्रतिनिधि, खेल एवं कल्याण मंत्री, उत्तर प्रदेश) मौजूद रहे।
समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा विद्यालय प्रांगण में चंदन वृक्षारोपण, ठाकुर रवींद्रनाथ टैगोर एवं संस्था के संस्थापक स्व. राजेन्द्र बेदी को पुष्पांजलि अर्पित व दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
कार्यक्रम में वर्ष 2025–27 के लिए नीरज शाह को अध्यक्ष चुना गया। उनके साथ उपाध्यक्ष, महासचिव, कोषाध्यक्ष, संगठन सचिव, सांस्कृतिक सचिव, प्रवक्ता आदि समेत कुल 40 से अधिक पदाधिकारियों को शपथ दिलाई गई। विसर्जन प्रभारी एवं सहायक भी पहली बार नामित किए गए। साथ ही, कई नए सदस्यों ने संस्था की सदस्यता ग्रहण की।
मुख्य अतिथि एवं वक्ताओं ने गीतांजलि संस्था के साहित्यिक, धार्मिक, पर्यावरणीय और सामाजिक कार्यों की सराहना की। वक्ताओं में श्याम मोहन अग्रवाल सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।
समारोह में नगर के विभिन्न गणमान्यजन, समाजसेवी, व्यापारी प्रतिनिधि व सांस्कृतिक संगठनों के प्रमुखों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। संचालन पूर्व अध्यक्ष महेन्द्र विक्रम ने किया तथा आभार प्रदर्शन नव-निर्वाचित अध्यक्ष नीरज शाह ने किया।

