जौनपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा आयोजित 30 दिवसीय निशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह निखार ब्यूटी पार्लर, खुज्झी मोड़ स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि चौकियां धाम के महंत विनय कुमार त्रिपाठी एवं ट्रस्ट की संस्थापक दीक्षा सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया।
मुख्य अतिथि महंत विनय कुमार त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में बालिकाओं को देवी का स्वरूप माना गया है। सनातन परंपरा में बेटियों को मां लक्ष्मी, सरस्वती और दुर्गा का प्रतीक माना जाता है, जो परिवार और समाज में सुख, समृद्धि एवं संस्कार की वाहक हैं। उन्होंने कहा कि "बच्चियों को देवी का दर्जा देने का मुख्य उद्देश्य समाज में उनका सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है।" उन्होंने महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ट्रस्ट द्वारा प्रत्येक ब्लॉक एवं तहसील स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
ट्रस्ट की संस्थापक दीक्षा सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य महिलाओं और युवतियों को कौशल प्रशिक्षण देकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है, ताकि वे स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन सकें।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि महंत विनय कुमार त्रिपाठी, दीक्षा सिंह, सीमा गुप्ता, क्षमा सिंह एवं उर्वशी सिंह ने प्रशिक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यशाला में सरोज गुप्ता मुख्य प्रशिक्षिका रहीं, जबकि डिम्पल गुप्ता, सुमन, आंचल एवं साक्षी यादव ने प्रशिक्षण में सहयोग किया। प्रशिक्षण शिविर के अंतर्गत आयोजित चार प्रतियोगिताओं में बेस्ट मेकअप का पुरस्कार संध्या यादव, बेस्ट हेयर कट का पुरस्कार संजना कन्नौजिया, बेस्ट हेयर-डू का पुरस्कार अमृता दूबे तथा बेस्ट स्किन केयर का पुरस्कार अनन्या को प्रदान किया गया।
समारोह में धरमू गुप्ता, शहजादी गुप्ता, दिनेश, उपेंद्र, डिम्पल, राजीव प्रजापति सहित ट्रस्ट परिवार के सदस्य एवं अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रशिक्षार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने का संकल्प दिलाया गया।
