जौनपुर। महान शिक्षाविद्, प्रखर राष्ट्रवादी एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारियों, वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। संगोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य वक्ता एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सुशील उपाध्याय ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रसेवा, शिक्षा और अखंड भारत के संकल्प का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने कहा कि 6 जुलाई 1901 को जन्मे डॉ. मुखर्जी असाधारण प्रतिभा के धनी थे। मात्र 33 वर्ष की आयु में वे कलकत्ता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने। शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को देश सदैव स्मरण रखेगा। भारत के प्रथम उद्योग मंत्री के रूप में उन्होंने देश की औद्योगिक आत्मनिर्भरता की मजबूत नींव रखी।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी ने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्रहित के लिए समर्पित कर दिया। बंगाल को भारत का अभिन्न अंग बनाए रखने में उनकी भूमिका ऐतिहासिक रही। जम्मू-कश्मीर को भारत का पूर्ण और अभिन्न हिस्सा बनाने के संकल्प के लिए उन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनका उद्घोष—"एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे"—आज भी प्रत्येक भारतीय के हृदय में राष्ट्रभक्ति का संचार करता है।
जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने कहा कि भारतीय इतिहास के महान राष्ट्रवादी, दूरदर्शी शिक्षाविद् एवं भारतीय जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जीवन राष्ट्रभक्ति, अदम्य साहस और अखंड भारत के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। राष्ट्र की एकता और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान ने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी।
उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से विकास की ओर अग्रसर है और 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। डॉ. मुखर्जी के सपनों का सशक्त, आत्मनिर्भर एवं अखंड भारत बनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से उनके आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता एवं अखंडता की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
संगोष्ठी को सुधाकर उपाध्याय, विकास शर्मा, दीपक सिंह मांटो, कृष्ण कुमार जायसवाल एवं सुरेन्द्र जायसवाल ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता ने किया।
इस अवसर पर अजय सरोज, पंकज मिश्रा, परविंदर चौहान, पुष्पा निषाद, नीरज मौर्य, जिला मंत्री अंशु कुशवाहा, राजकेशर पाल, संतोष मिश्र, धर्मेन्द्र मिश्रा, डॉ. देवी प्रसाद सिंह, राजेश गुप्ता, सुधांशु सिंह, घनश्याम यादव, जिला मीडिया प्रभारी आमोद सिंह, अमरनाथ पांडेय, रोहन सिंह, अमित पाठक, दिग्विजय सिंह, अवनीश यादव, नरेंद्र उपाध्याय, अनिल गुप्ता, पुष्पा शुक्ला, किरण मिश्रा, राखी सिंह, सुचिता तिवारी, सुरेन्द्र मिश्र, निखिल सोनकर सहित मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं जिले के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
