वृद्धाश्रम में मेडिकल कॉलेज का निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

अगर आप अपने व्यवसाय, दुकान, शोरूम, संसथान इत्यादि के लिए शारदा प्रवाह न्यूज पोर्टल पर विज्ञापन देना चाहते हैं तो संम्पर्क करें - 9651636343, shardapravah@gmail.com, सविता ऑफसेट, रोडवेज तिराहा, जौनपुर

जौनपुर। उमानाथ सिंह स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, जौनपुर की ओर से मंगलवार को कृषक विकास समिति के निःशुल्क वृद्धाश्रम, सैय्यद अलीपुर (सदर) में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श दिया तथा जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाएं वितरित कीं।

महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ए.ए. जाफरी एवं जनरल मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. विनोद कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के अनुरोध पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने भाग लिया।

शिविर में नेत्र रोग, जनरल मेडिसिन, क्षय एवं वक्ष रोग (टीबी एवं चेस्ट), सामुदायिक चिकित्सा तथा शल्य चिकित्सा विभाग के चिकित्सकों ने बड़ी संख्या में वृद्धजनों की जांच की। रक्तचाप, मधुमेह सहित अन्य सामान्य रोगों की जांच कर मरीजों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया और आवश्यकतानुसार दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। चिकित्सकों ने वरिष्ठ नागरिकों को नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित किया।

प्रधानाचार्य प्रो. आर.बी. कमल ने कहा कि समाज के वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव, संस्कृति और मूल्यों की अमूल्य धरोहर हैं। उनकी स्वास्थ्य सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने स्वास्थ्य शिविर में योगदान देने वाले चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. ए.ए. जाफरी ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर वरिष्ठ नागरिकों तक गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं। नियमित जांच, समय पर उपचार और उचित परामर्श से वृद्धजनों के जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं पहुंचाने के लिए विभिन्न स्थानों पर समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।

शिविर में डॉ. अमित पटेल, डॉ. नितेश कुमार यादव, डॉ. निहारिका, डॉ. अक्षय सिंह, डॉ. संदीप सिंह, फार्मासिस्ट एवं मेडिकल कॉलेज के कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कृषक विकास समिति के संरक्षक गिरिजेश राय, प्रधान हरिशंकर, केयर टेकर रविकुमार एवं महिमा चौबे के साथ अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांतीय सदस्य हर्षवर्धन तथा प्रखर, अक्षत और अर्जुन सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।



 शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार

शारदा प्रवाह

शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार हिंदी मे.

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने