रोटरी क्लब जौनपुर ने मनाया चार्टर डे, रोटेरियनों का हुआ सम्मान


सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकारों की गौरवशाली यात्रा को किया याद; उत्कृष्ट कार्यों के लिए रोटेरियनों को मिले पुरस्कार


जौनपुर। रोटरी क्लब जौनपुर द्वारा क्लब के चार्टर डे सेलिब्रेशन एवं अवॉर्ड सेरेमनी का आयोजन गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। वर्तमान अध्यक्ष शिवांशु श्रीवास्तव की निर्देशन में कार्यक्रम में रोटरी की सेवा भावना, क्लब की गौरवशाली यात्रा और वरिष्ठ रोटेरियनों के योगदान को स्मरण करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ क्लब पदाधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत अतिथियों एवं रोटेरियनों का स्वागत किया गया तथा राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया।

रोटरी फोर-वे टेस्ट ने दिखाई सेवा और नैतिकता की राह
कार्यक्रम में पूर्व अध्यक्ष कृष्ण कुमार मिश्रा ने सहज एवं सरल अंदाज में रोटरी फोर-वे टेस्ट प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि रोटरी का प्रत्येक कार्य और निर्णय इन चार मूल प्रश्नों की कसौटी पर खरा उतरना चाहिए। क्या यह सच है? क्या यह सभी संबंधित लोगों के लिए उचित है? क्या इससे सद्भावना और बेहतर दोस्ती बनेगी? क्या यह सभी संबंधित लोगों के लिए फायदेमंद होगा?
उन्होंने कहा कि ये चार प्रश्न केवल रोटरी की पहचान नहीं, बल्कि व्यक्तिगत एवं सामाजिक जीवन में सही निर्णय लेने की प्रेरणा भी देते हैं।

पूर्व अध्यक्ष रविकान्त जायसवाल ने चार्टर डे के महत्व पर संक्षिप्त विचार व्यक्त करते हुए रोटरी क्लब जौनपुर के इतिहास एवं गौरवशाली यात्रा का वाचन किया। उन्होंने क्लब की स्थापना, प्रथम अध्यक्ष एवं प्रथम सचिव सहित क्लब की सेवा यात्रा के महत्वपूर्ण पड़ावों को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब जौनपुर की यात्रा केवल वर्षों का इतिहास नहीं, बल्कि सेवा, समर्पण, मैत्री और समाज के प्रति जिम्मेदारी की निरंतर यात्रा है। क्लब के वरिष्ठ सदस्यों और पूर्व अध्यक्षों द्वारा किए गए सेवा कार्यों ने आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और मार्गदर्शन का कार्य किया है। समारोह में क्लब के वरिष्ठ रोटेरियनों एवं संरक्षक श्याम बहादुर सिंह, को सम्मान किया गया। इस अवसर पर क्लब के चार्टर सदस्यों एवं प्रमुख संस्थापकों का उल्लेख करते हुए उनके योगदान को याद किया गया। विशेष रूप से प्रमुख सदस्यों में से श्याम बहादुर सिंह के 80वें जन्मदिन को भी सपरिवार उत्साह एवं आत्मीयता के साथ सेलिब्रेट किया गया। इस अवसर पर रोटेरियनों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।

समारोह में वरिष्ठ रोटेरियन डॉ. शैलेश कुमार सिंह तथा पूर्व अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, अनिल गुप्ता और श्याम वर्मा को सम्मानित किया गया। वरिष्ठ रोटेरियनों ने अपने अनुभव साझा करते हुए क्लब से जुड़े संस्मरणों और सेवा कार्यों का उल्लेख किया तथा वर्तमान एवं नई पीढ़ी के रोटेरियनों को समाजसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। इस अवसर पर विशाल गुप्ता, प्रदीप सिंह, डॉ. ऋषभ यादव, देवेन्द्र प्रताप सिंह, डॉ. मुकेश वर्मा, संजय जायसवाल, सैयद शम्स अब्बास, पंकज जायसवाल, मनीष गुप्ता, राजेश जावा एवं मिथिलेश अग्रहरि ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

समारोह में रोटरी क्लब जौनपुर के सत्र 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पदाधिकारियों एवं सदस्यों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया गया। अध्यक्ष विवेक प्रताप सेठी एवं सचिव डा. बृजेश कनौजिया ने सभी रोटेरियन को अपने अपने कार्य क्षेत्रों में विशेष सेवा सम्मान के साथ ही सर्वश्रेष्ठ रोटेरियन, सर्वश्रेष्ठ सेवा प्रोजेक्ट, सर्वश्रेष्ठ उपस्थिति, सर्वश्रेष्ठ सामुदायिक सेवा, उत्कृष्ट योगदान सहित विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। कार्यक्रम में क्लब के सेवा कार्यों में सहयोग करने वाले विशेष सहयोगियों एवं संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले सदस्यों के प्रति उपस्थित रोटेरियनों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके योगदान की सराहना की। समारोह में वक्ताओं ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल संगठनात्मक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचकर सेवा एवं सहयोग प्रदान करना है। वरिष्ठ रोटेरियनों के अनुभव और नई पीढ़ी की ऊर्जा के समन्वय से रोटरी क्लब जौनपुर भविष्य में भी जनसेवा के नए आयाम स्थापित करेगा।

मंच का संचालन रविकान्त जायसवाल ने किया। कार्यक्रम के अंत में वर्तमान सचिव संदीप सेठ ने अतिथियों, वरिष्ठ रोटेरियनों, क्लब सदस्यों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। चार्टर डे समारोह ने क्लब की गौरवशाली विरासत को सम्मान देने के साथ ही भविष्य में  “ Service Above Self ” स्वयं से ऊपर सेवा की भावना के साथ सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने का संदेश दिया।

शारदा प्रवाह

शारदा प्रवाह पर आपको मिलेंगे जौनपुर एवं देश-दुनिया के ताज़ा समाचार हिंदी मे.

एक टिप्पणी भेजें

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने